चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटना पड़ा भारी: आतिशबाजी कर स्टंटबाजी करने वालों पर कोनी पुलिस की कार्रवाई

Social Activity BSP

बिलासपुर (Social Activity BSP)। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर कोनी पुलिस ने चलती स्कॉर्पियो वाहन की छत पर केक काटने और पटाखे जलाकर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने के मामले में पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है।

मामला थाना कोनी क्षेत्र का है, जहां रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर एक काले रंग की स्कॉर्पियो (CG 10 BP 3926) में सवार युवक-युवती द्वारा चलती गाड़ी के ऊपर केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और तत्काल मामले की जांच शुरू की गई।

पुलिस जांच में वाहन चालक की पहचान अरविंद सैनी (31 वर्ष) निवासी कुदुदंड, बिलासपुर के रूप में हुई। बताया गया कि 24 मई 2026 की रात अरविंद सैनी अपनी महिला मित्र के साथ स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर सर्विस रोड पर चलती गाड़ी की छत पर केक काटते और पटाखे जलाते हुए नजर आए, जिससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।

वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही कोनी पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान चालक ने घटना को स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार, इस तरह की लापरवाहीपूर्ण हरकतें सड़क हादसों का बड़ा कारण बन सकती हैं। कोनी थाना द्वारा वाहन चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखावे और वायरल होने की चाह में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाली गतिविधियों से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करें।


Social Activity BSP👈

रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद








Click here 👆👆

Post a Comment

Previous Post Next Post